DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मिर्जापुर में शादी के दिन दूल्हे की मौत:घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता, दुल्हन मेहंदी लगाकर कर रही थी इंतजार

मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निनवार दक्षिण गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के युवक पुष्पेंद्र पटेल की शादी के दिन नहर में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। मृतक पुष्पेंद्र पटेल के पिता जंगबहादुर पटेल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। घर के सभी लोग गहरे सदमे में हैं। लोगों से बातचीत करते समय वे बार-बार भावुक हो जा रहे थे। पुष्पेंद्र दो भाइयों में बड़े थे। पुष्पेंद्र पटेल ने एमएससी, बीएड और बीटीसी की डिग्रियां हासिल की थीं और प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उनके छोटे भाई उपेंद्र पटेल वर्ष 2019 से कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में माघ मेला प्रयागराज में ड्यूटी पर तैनात हैं।
दोनों भाइयों का तिलकोत्सव 4 फरवरी को विधि-विधान से संपन्न हुआ था। बड़े बेटे पुष्पेंद्र पटेल की शादी 5 फरवरी को प्रयागराज जनपद की कोरांव तहसील क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ा गांव निवासी जानेंद्र सिंह की बेटी मीरा सिंह के साथ तय थी। मीरा गाढ़ा गांव में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत हैं और बीएड की पढ़ाई कर रही हैं। पिता जंगबहादुर पटेल ने बताया कि होने वाली बहू मीरा मोबाइल पर बातचीत के जरिए पूरे परिवार में घुल-मिल चुकी थी। पुष्पेंद्र की अचानक मौत से लड़का और लड़की—दोनों पक्षों के परिवारों में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मीरा के हाथों में हल्दी और मेहंदी लगी रह गई, और दुल्हन बनने से पहले ही इस हादसे ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया। युवती का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता ने यह भी बताया कि छोटे बेटे उपेंद्र पटेल की शादी 10 फरवरी को तय है। गुरुवार को पुष्पेंद्र पटेल की बारात जानी थी। घटना वाले दिन सुबह करीब नौ बजे पुष्पेंद्र लालगंज बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने पिता जंगबहादुर से बाइक की चाभी ली और अकेले ही लालगंज के लिए रवाना हो गए।
घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित बाणसागर नहर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे नहर के पानी में जा गिरे। उस समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था। इधर, पिता जंगबहादुर बेटे के लौटने का इंतजार करते रहे। जब पुष्पेंद्र काफी देर तक वापस नहीं आए, तो वे दूसरी बाइक लेकर उसी रास्ते से मिर्जापुर की ओर निकल पड़े। जब वे मिर्जापुर से लगभग 15 किलोमीटर पहले लहंगपुर पहुंचे, तभी उनके मोबाइल पर छोटे बेटे उपेंद्र पटेल का फोन आया। उपेंद्र ने उन्हें पुष्पेंद्र के नहर में डूबने की जानकारी दी।
उपेंद्र पटेल ने बताया कि गांव के किसी व्यक्ति ने नहर में एक बाइक पड़ी होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुष्पेंद्र को नहर के अपोजिट साइड से अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ………………. ये खबर भी पढ़ें… मिर्जापुर में शादी के दिन दूल्हे की मौत: बारात की जगह घर से निकली अर्थी; 4 दिन बाद छोटे भाई की थी शादी मिर्जापुर में बारात के दिन दूल्हे की नहर में डूबने से मौत हो गई। बुधवार को दोनों भाइयों की तिलक हुई थी। गुरुवार को बड़े भाई की शादी थी। बारात निकलने से पहले दुल्हा बाइक से सामान लेने बाजार गया। रास्ते में अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। बाइक को देखकर गांव के बच्चों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने करीब 30 मिनट तक नहर में युवक की तलाश की। इसके बाद उसे निकाला गया। हालांकि तब तक डूबने से युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक नंबर के आधार पर परिजनों को जानकारी दी। पढ़ें पूरी खबर…


https://ift.tt/Zf9X0Ou

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *