DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मिर्जापुर में ठंड बढ़ी, कक्षा 8 तक के स्कूल बंद:घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, रैन बसेरा और अलाव बने सहारा

मिर्जापुर जिले में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को 24 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मंगलवार सुबह शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग 20 मीटर तक कम हो गई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे सुबह कार्यालय जाने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जनपद में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। ठंड के कारण सुबह के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग आवश्यक कार्यों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे। शाम ढलते ही ठंड का असर और तेज हो गया, जिससे लोग ऊनी कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों पर जलाए गए अलाव लोगों के लिए राहत का साधन बने। बेघर और जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरे सहारा बने हुए हैं। नगर पालिका और प्रशासन द्वारा संचालित इन रैन बसेरों में रात के समय लोगों की संख्या बढ़ गई है। यहां ठहरने वाले लोगों को कंबल और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मौसम के अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बने रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। जनपदवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


https://ift.tt/jdiVhbz

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *