भदोही कोतवाली और औराई कोतवाली के बीच वरुणा पुल के पास बभनौटी बाजार स्थित एक ढाबे के नजदीक बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। मल्लूपुर निवासी राजेश दुबे (पुत्र स्वर्गीय राम लखन दुबे) अपने साथी राजकुमार दुबे के साथ हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से भदोही की ओर किसी निजी कार्य से जा रहे थे। जैसे ही वे वरुणा पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोपहिया वाहन सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक के पीछे बैठे राजेश दुबे को हाथ, सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही अचेत हो गए। वाहन चला रहे राजकुमार दुबे को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर गंभीर रूप से घायल राजेश दुबे को तत्काल महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। राजेश दुबे मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वे बीते 17 दिसंबर को अपनी मां की बरसी में शामिल होने के लिए गांव आए थे। उनके परिवार में 27 वर्षीय इकलौता बेटा राहुल दुबे है, जिसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर निजी नौकरी शुरू की है और वह अभी अविवाहित है। राजेश की दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, जिससे यह हादसा हुआ। इस संबंध में औराई कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है। परिजनों से बातचीत की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
https://ift.tt/SgdWXof
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply