महोबा के चरखारी क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज और बेटी पैदा होने के कारण प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। बांदा के मटोंध निवासी परशुराम ने अपनी बेटी संगीता (30) का विवाह साल 2021 में जितेंद्र के साथ किया था। शादी में 2 लाख रुपए नकद, आभूषण और अन्य दहेज का सामान दिया गया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही पति जितेंद्र और ससुराल वालों ने 5 लाख रुपए नकद और एक प्लॉट की अतिरिक्त मांग को लेकर संगीता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि संगीता को आए दिन बेरहमी से पीटा जाता था। पीड़िता के भाई और पिता ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। विवाद इतना बढ़ गया था कि पूर्व में पंचायतें हुईं और संगीता दो साल तक अपने मायके में रही। पुलिस और संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप के बाद पति उसे दोबारा घर ले गया था। इसी बीच संगीता ने एक बेटी को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद प्रताड़ना का सिलसिला और तेज हो गया। बीती रात संगीता ने फोन कर अपनी जान का खतरा बताया था और मायके वालों से उसे ले जाने की गुहार लगाई थी। हालांकि, सुबह संगीता की मौत की खबर आई। मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
https://ift.tt/9uOm8fa
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply