फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र की करबला पुलिया निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने अपने पति और जेठ सहित अन्य परिजनों पर घरेलू हिंसा, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता रजनी का आरोप है कि वह न्यायालय के आदेशानुसार अपने ससुराल में रह रही है, इसके बावजूद उसके साथ लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। रजनी के अनुसार, उसके पति अजय कुमार, जेठ मनोज कुमार, श्रीपाल राठौर, पप्पू, पीयूष और पुष्पा (सभी करबला पुलिया, थाना दक्षिण निवासी) मिलकर आए दिन उसके साथ मारपीट और अभद्रता करते हैं। पीड़िता ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:50 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी आरोपित जबरन घर में घुस आए। उन्होंने कमरे का ताला तोड़ने का आरोप लगाते हुए उसे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई। कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। इतना ही नहीं, 17 जनवरी 2026 को भी आरोपियों ने पीड़िता के कमरे में जबरन घुसकर मारपीट की, जिसकी शिकायत पीड़िता ने एसएसपी से की। इसके बाद 4 फरवरी को भी आरोपियों ने घर में घुसकर महिला की बेरहमी से पिटाई की और घर में लकड़ी व कंडे लाकर आग लगाने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि उसके जेठ व जेठानी छत का जीना भी नहीं खोल रहे हैं, जिससे वह छत पर नहीं जा पा रही है। घर की बिजली भी कटवा दी गई है। लगातार उत्पीड़न के कारण पीड़िता मानसिक रूप से बेहद भयभीत है। महिला द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने मामले में खानापूर्ति करते हुए पति का चालान शांति भंग की मामूली धारा में कर दिया। पीड़िता ने जिलाधिकारी और एसएसपी से मांग की है कि उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए जाएं, ताकि उसे सुरक्षा और न्याय मिल सके। पूरे मामले को लेकर पीड़ित के 12 वर्षीय पुत्र ईशु से बात की तो मासूम का साफ कहना था कि पापा हमारी हत्या करना चाहते है बड़ा सवाल है इतनी शिकायत के बाद आखिर पुलिस मामले में कोई ठोस कार्यवाही क्यों नही कर रही क्या पति पत्नी का विवाद मासूम की जान का खतरा बना रहेगा या मामले में कोई ठोस कार्यवाही होगी
https://ift.tt/5Fg1KV0
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply