देवरिया में मंगलवार को एक महिला को सड़क किनारे अचानक प्रसव पीड़ा हुई और उसने वहीं बच्चे को जन्म दे दिया। सूचना मिलने पर महिला थाना अध्यक्ष पूनम यादव ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मां और नवजात को अपनी सरकारी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच गई। यह घटना शहर के भटवालिया स्थित फैमिली मार्ट के पास हुई। भलुअनी थाना क्षेत्र की रहने वाली सीमा (पत्नी अजय बासफोर) अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ किसी काम से देवरिया शहर आई थीं। वे फैमिली मार्ट के पास बैठी थीं, तभी उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द बढ़ने पर सीमा सड़क किनारे चली गईं। आसपास मौजूद महिलाओं ने उनकी मदद की। इसी दौरान सीमा ने सड़क किनारे ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पास के चौराहे पर ड्यूटी कर रही महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पूनम यादव बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रसूता और नवजात को सुरक्षित वाहन में बैठाया और तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गईं। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मां और बच्चे को भर्ती कर उपचार शुरू किया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के अनुसार, मां और नवजात दोनों खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है। चिकित्सक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। महिला पुलिस ने प्रसूता के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। स्थानीय लोगों ने समय पर मदद करने वाली महिलाओं और थानाध्यक्ष पूनम यादव की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
https://ift.tt/zU4YF3C
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply