DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

महराजगंज में पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ मारा:पत्नी की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस, पति से पूछा क्यों मारा तो बोला- मैं पति हूं मेरा हक है

महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा सोहट गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच मारपीट की शिकायत पर एक महिला ने आपातकालीन सेवा 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी थी। सूचना मिलने पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। वायरल वीडियो में पीड़ित महिला एक महिला पुलिसकर्मी से अपने पति द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत करती दिख रही है। इसी दौरान, वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी युवक से पूछताछ करता है कि उसने पत्नी को क्यों पीटा। युवक कथित तौर पर जवाब देता है, “मैं पति हूं, मेरा हक है।” यह सुनते ही पुलिसकर्मी उसे थप्पड़ मारते हुए कहता है, “मार डालने का हक है क्या?” इस घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा युवक दलित समुदाय से है, जिससे यह मामला सामाजिक रूप से संवेदनशील बन गया है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर अलग-अलग राय है। कुछ लोग पुलिस की इस कार्रवाई को घरेलू हिंसा रोकने के लिए आवश्यक बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पुलिस द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला मान रहे हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो कब का है और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई की गई है या नहीं। इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। ग्रामीणों का कहना है कि घरेलू हिंसा के मामलों में पुलिस की मौजूदगी महत्वपूर्ण है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में मारपीट या बल प्रयोग उचित नहीं है। अब सबकी निगाहें विभागीय जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


https://ift.tt/cTytEob

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *