DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मथुरा में हनी ट्रैप से लाखों की उगाही:चौकी इंचार्ज और सिपाही निलंबित, ग्राम प्रधान समेत पांच पर मुकदमा

मथुरा जिले के फरह थाना क्षेत्र स्थित ओल पुलिस चौकी इलाके में हनी ट्रैप के जरिए लाखों रुपये की उगाही का मामला सामने आया है। प्रकरण में लापरवाही और संलिप्तता के आरोप में चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आगरा के थाना जगदीशपुरा निवासी जगदीश सिंह ने इस संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा परिक्षेत्र से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन रेल विकास निगम द्वारा अधिग्रहित की गई थी, जिसके एवज में उन्हें मुआवजा मिला था। आरोप है कि इसी जानकारी के आधार पर सपना उर्फ राजबाला और उसके सहयोगी श्याम जाट निवासी औरंगाबाद, मथुरा ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और करीब 12 लाख रुपये की उगाही कर ली। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी साजिश में ओल निवासी हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान खूबीराम भी शामिल था। प्रधान ने एक मकान में किराये पर कमरा लेकर पीड़ित को वहां बुलाया, जहां एक महिला के साथ उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। शिकायत के मुताबिक, 31 जनवरी को सपना ने फोन कर जगदीश सिंह को ओल बुलाया। वहां खूबीराम उसे मकान की ऊपरी मंजिल पर ले गया। आरोप है कि कुछ देर बाद खूबीराम ओल पुलिस चौकी से दो पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचा, जिसके बाद पीड़ित को चौकी ले जाया गया। वहां पुलिसकर्मियों ने खुद को चौकी प्रभारी बताते हुए शाम करीब पांच बजे तक उसे चौकी में बंधक बनाए रखा। इस दौरान बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई। दबाव में आकर पीड़ित ने मौके पर एक लाख रुपये दे दिए और शेष रकम दो फरवरी को देने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कार चौकी में खड़ी करा ली गई थी और पूरी रकम देने के बाद ही वाहन छोड़ने की बात कही गई। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्राम प्रधान, महिला आरोपी, चौकी इंचार्ज और एक अज्ञात कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


https://ift.tt/tBhRdzu

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *