मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र स्थित राधा टाउन में रविवार सुबह एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सीढ़ियों के नीचे रखे सामान को हटाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, राधा टाउन निवासी गजेंद्र सिंह (62) ने अपने मकान की सीढ़ियों के नीचे कुछ घरेलू सामान रखा हुआ था। उसी मकान के ऊपरी फ्लोर में रहने वाला विष्णु इस सामान को हटाने को लेकर गजेंद्र सिंह से नाराज था। रविवार सुबह करीब 11 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान विष्णु ने आवेश में आकर तमंचे से गजेंद्र सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। थाना रिफाइनरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। इधर, इलाज के दौरान गजेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://ift.tt/l6PYCc8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply