फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर ब्राह्मण समाज में गहरा रोष व्याप्त है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर इस फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म जानबूझकर ब्राह्मण समाज को गलत, नकारात्मक और अपमानजनक रूप में प्रस्तुत कर रही है। इससे समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं। दिनेश फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि ब्राह्मण समाज भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का मजबूत स्तंभ रहा है। समाज ने सदैव ज्ञान, धर्म, वेद-शास्त्र और संस्कारों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि फिल्म का शीर्षक ही समाज को ‘घूसखोर’ दर्शाने वाला है, जो अत्यंत आपत्तिजनक है और इससे पूरे समाज की छवि धूमिल होती है। फलाहारी महाराज ने यह भी बताया कि ब्रजभूमि साधु-संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं की पावन भूमि है। यहां इस फिल्म को लेकर साधु-संतों सहित आम जनमानस में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह जनआक्रोश बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। पत्र के माध्यम से उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी विशेष समाज, धर्म या वर्ग को अपमानित करना उचित नहीं है। ऐसी फिल्में सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हैं। ब्राह्मण समाज के अन्य सदस्यों ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यदि फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
https://ift.tt/KwHQjWt
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply