मथुरा में ट्रक चालक की हत्या के विरोध में शुक्रवार को मृतक के परिजनों और वाहन चालक यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। एटा से मथुरा पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह घटना 3 फरवरी की है। थाना हाईवे क्षेत्र में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयगुरुदेव मंदिर के पास ट्रक चालक अनूप कुमार यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अनूप कुमार यादव एटा जिले के निवासी थे। मृतक के भाई सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि घटना के दिन कुछ लोग नशे की हालत में उनके भाई के ट्रक का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि वे लूटपाट के इरादे से ट्रक को रुकवाना चाहते थे। जब चालक ने वाहन नहीं रोका, तो जाम में फंसने के बाद आरोपियों ने अनूप कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपियों को फांसी की सजा देने, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। परिजनों ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन स्वीकार किया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वाहन चालक कल्याण एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश गौतम ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों को सख्त सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
https://ift.tt/f4c9Cqv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply