मथुरा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा किया है, जो शहर की हाई-प्रोफाइल बृज हाईवे रेजिडेंसी कॉलोनी में फ्लैटों को निशाना बनाता था। थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान, नकदी, अवैध हथियार, एक कार और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं। हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 जनवरी को हाईवे रेजिडेंसी कॉलोनी के कई फ्लैटों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने टैकमेन सिटी के पीछे सड़क पर घेराबंदी कर अमरजीत पुत्र विजयपाल (निवासी नॉर्थ दिल्ली) और कुलदीप उर्फ सुरेंद्र पुत्र वीरेंद्र (निवासी भदोही) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 79 हजार 330 रुपये नकद, एक जोड़ी पाजेब, 14 सिक्के, तीन गिलास, दो कटोरी और एक चम्मच सहित सफेद धातु का चोरी किया गया सामान बरामद किया है। इसके अलावा दो तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त हुंडई ग्रैंड आई-10 कार और बोल्ट कटर, पेचकश व लोहे का संबल भी बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पेशेवर और शातिर अपराधी हैं। अमरजीत के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद सहित विभिन्न जिलों में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कुलदीप उर्फ सुरेंद्र पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं, जिनमें चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
https://ift.tt/mpKg3Lv
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply