DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़ने का आरोप:देवरिया में गृह स्वामी ने डीएम से की शिकायत, 7 नाम ज्यादा जुड़े

शहर के अबूबकर नगर उत्तरी वार्ड संख्या–32 में मतदाता सूची में कथित रूप से फर्जी नाम जोड़े जाने का मामला सामने आया है। गृह स्वामी अंजम रहमान ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अनधिकृत रूप से बढ़ाए गए मतदाताओं के नाम हटाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आवेदक ने अपने मकान संख्या 501 से जुड़े मतदाता विवरण में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। मामले को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल मची हुई है और जांच की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। अंजम रहमान पुत्र स्वर्गीय अतीकुर्रहमान, निवासी अबूबकर नगर उत्तरी–4 वार्ड संख्या–32, थाना कोतवाली देवरिया, तहसील व जिला देवरिया के स्थायी निवासी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में बताया कि उनके मकान संख्या 501 में वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में उनके परिवार के सदस्यों के नाम क्रम संख्या 41 से 419 तक दर्ज थे और परिवार के सभी सदस्य नियमित रूप से मतदान करते आ रहे हैं। उस समय मतदाता सूची में केवल उनके परिवार के ही नाम अंकित थे और किसी अन्य व्यक्ति का नाम उस पते पर दर्ज नहीं था। नई मतदाता सूची में अतिरिक्त नाम जुड़ने का आरोप
आवेदक का आरोप है कि वर्ष 2026 की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (S.I.R.–2026) के दौरान तैयार नई निर्वाचक नामावली में उनके मकान संख्या 501 से संबंधित पते पर कई अतिरिक्त नाम जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नई सूची में क्रम संख्या 370 से 376 तक दर्ज मतदाताओं में उनके परिवार के अलावा अन्य व्यक्तियों के नाम भी शामिल कर दिए गए हैं, जिनमें विनोद महेशिया और बिंदू देवी प्रमुख हैं। इतना ही नहीं, शिकायत के अनुसार मकान संख्या 501 को विभाजित कर 501/1 और 501/2 के रूप में दर्ज करते हुए भी कई कथित फर्जी नाम जोड़े गए हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मकान संख्या 501/2 के अंतर्गत अशोक कुमार, मनी देवी, मीरा सिंह, दुर्गेश कुमार गुप्ता तथा आदित्य सिंह के नाम जोड़े गए हैं, जबकि इन व्यक्तियों का उस पते से कोई वास्तविक संबंध नहीं है। आवेदक का कहना है कि यह सब बिना उनकी जानकारी और सहमति के किया गया है, जिससे उनके पते का दुरुपयोग हुआ है। निष्पक्ष जांच व विधिक कार्रवाई की मांग
अंजम रहमान ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि यह कार्य अनधिकृत तरीके से सांठगांठ कर किया गया है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी नाम गलत तरीके से जोड़े गए हैं, उन्हें तत्काल मतदाता सूची से विलोपित किया जाए। साथ ही इस कृत्य में शामिल अधिकारियों या संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मतदाता सूची में गलत प्रविष्टियां न केवल मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं बल्कि भविष्य में कानूनी विवाद की स्थिति भी उत्पन्न कर सकती हैं। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एसडीएम सदस्य श्रुति शर्मा को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। फिलहाल जिला प्रशासन स्तर पर शिकायत की जांच की तैयारी चल रही है और संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


https://ift.tt/bXGqwKU

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *