DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मऊ में जनगणना 2027 की तैयारी शुरू:जिलाधिकारी ने अफसरों के साथ की मीटिंग, दो चरणों में गणना के निर्देश

मऊ में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक की। इस दौरान उन्होंने गणना कार्य को दो चरणों में संपन्न कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में सम्पन्न होगा। पहला चरण 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। दूसरा चरण 1 फरवरी 2027 से पूरे फरवरी माह 2027 तक चलेगा, जिसमें जनसंख्या की गणना की जाएगी। बैठक में बताया गया कि जनपद स्तरीय जनगणना समन्वय समिति में जिलाधिकारी को प्रमुख अधिकारी जनगणना के पदनाम से जाना जाएगा, जबकि अपर जिलाधिकारी जिला जनगणना अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को अपर जिला जनगणना अधिकारी नामित किया गया है। शासनादेश के अनुसार, समस्त तहसीलदार भार साधन अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी अपर भार साधन अधिकारी तथा प्रत्येक तहसील से नामित एक निरीक्षक सहायक भार साधन अधिकारी के रूप में नामित किए जाएंगे। नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भार साधन अधिकारी होंगे, जबकि प्रत्येक नगर पालिका परिषद से एक कर अधीक्षक अथवा सफाई निरीक्षक को सहायक भार साधन अधिकारी के पदनाम से चिन्हित किया जाएगा। जनपद के लिए दो मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं, जो तहसीलों, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में तैनात फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण देंगे। जनपद में दोनों चरणों के लिए कुल 76 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए जाएंगे। इनमें नगर पालिका परिषद में 10, तहसील मधुबन में 10, अन्य तहसीलों में 12 तथा प्रत्येक नगर पंचायत क्षेत्र में 2 फील्ड ट्रेनर शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित संख्या के अनुसार योग्य एवं कर्मठशील फील्ड ट्रेनरों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं। तैनात मास्टर ट्रेनर 38-38 फील्ड ट्रेनरों के समूह को प्रशिक्षित करेंगे, जो आगे सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुपरवाइजर एवं प्रगणकों की सूची भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि एक प्रगणक को औसतन 150 मकानों का सूचीकरण करने के साथ-साथ द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का दायित्व सौंपा जाएगा। जनगणना की सबसे छोटी इकाई मकान होगी, इसके बाद ब्लॉक एवं वार्ड होंगे। नगरीय क्षेत्रों में ब्लॉक निर्धारण के दौरान सड़कों को आधार बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि गणना के दौरान कोई भी मकान न छूटे और किसी भी मकान की दोबारा गणना न हो। उन्होंने जनगणना 2027 से जुड़े समस्त अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/XJfj3YK

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *