DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

भाजपा महानगर अध्यक्ष के गनर ने कार्यकर्ता कारबाइन पर तानी:कहा- हम दलित हैं तो….अलीगढ़ में क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाने पर विवाद

अलीगढ़ में बुधवार को अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के साथ सेल्फी लेने को लेकर महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा और कार्यकर्ताओं के बीच फिर से धक्का-मुक्की हुई। इस बीच महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा के गनर ने अनुसूचित मोर्चा के महानगर मंत्री राकेश सहाय पर कारबाइन तान दी। इसके बाद कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा शुरू हो गया। वहां पर मौजूद भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इस मामले पर महानगर मंत्री राकेश सहाय ने कहा- हम दलित लोग हैं, तो हम पर कारबाइन भी तानी जाएगी, मुकदमे भी होंगे। सब काम हम पर ही होंगे। वहीं, महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, लेकिन बार-बार धक्का देकर उन्हें रोका गया। विवाद के दौरान महानगर अध्यक्ष के गनर ने एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी, जिस पर आपत्ति जताई गई। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा जा रहा है। हालांकि, इस दौरान किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हैबिटेट सेंटर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य हैबिटेट सेंटर के 5वें फ्लोर से ऑडिटोरियम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता राकेश सहाय और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने धक्का दे दिया। मंच पर जाने से रोके जाने पर बढ़ी तनातनी
इसके बाद जब राकेश सहाय, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा और गोरांग तिवारी मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए आगे बढ़े तो महानगर अध्यक्ष के गनर ने उन्हें रोक दिया। यहीं पर फिर से धक्का-मुक्की के हालात बन गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने गनरों को कार्यक्रम से बाहर करने की भी आवाज उठाई। हालांकि, किसी तरह मामला उस समय शांत कर दिया गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तानी कारबाइन, कार्यकर्ता भड़क गए
सम्मेलन समाप्त होने के बाद जब क्षेत्रीय अध्यक्ष नीचे आ रहे थे, तो उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर एक बार फिर विवाद हो गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष के जाते ही कार्यकर्ताओं ने कहा- अरे भाईसाहब, इधर आ जाओ। इसी पर गनर ने कारबाइन निकालकर राकेश सहाय की ओर तान दी। इसके बाद कार्यकर्ता भड़क गए और जमकर हंगामा होने लगा। हालांकि बाद में अन्य गनरों और नेताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। राकेश सहाय बोले- हम दलित हैं तो मेरे पर कारबाइन तानी जाएगी
राकेश सहाय ने कहा- हम दलित लोग हैं, तो हमारे ऊपर कारबाइन भी तानी जाएगी और मुकदमे भी होंगे। सब काम हम पर ही होंगे। महानगर अध्यक्ष ने गनरों को कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने और बदतमीजी करने के लिए रखा है। कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, इसलिए वे मंच की ओर बढ़े। इसी दौरान गनर ने मंच पर ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद कुछ अन्य लोगों के साथ भी बदतमीजी की गई। राकेश शाक्य ने कहा- गनर महानगर अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए हैं। उन्हें मंच पर या पार्टी के कार्यक्रमों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। वहीं, कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की नहीं करनी चाहिए। जिसकी सुरक्षा में हैं, वहां ध्यान देना चाहिए। महानगर उपाध्यक्ष ने हाथापाई से किया इनकार
महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा- कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, लेकिन बार-बार धक्का देकर उन्हें रोका गया। विवाद के दौरान गनर ने एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी, जिस पर आपत्ति जताई गई। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा जा रहा है और मारपीट का आरोप निराधार है। महानगर अध्यक्ष बोले- इस घटना से पार्टी की छवि खराब हुई
महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा ने कहा-राकेश सहाय और उनके साथियों ने धक्का-मुक्की की थी। जब गनर ने उन्हें रोका, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। इस घटना से पार्टी की छवि खराब हुई है। सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। महानगर अध्यक्ष के गनर अनूप कुमार ने एसएसपी नीरज जादौन से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


https://ift.tt/L2Qh1dD

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *