नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी के आरोप पत्र को दिल्ली की स्थानीय अदालत द्वारा लेने से इनकार किए जाने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय (लखनऊ) का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला सहित कई कांग्रेसियों को जाजमऊ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जाजमऊ चौराहे पर चकेरी और जाजमऊ थाना पुलिस ने कांग्रेसियों की तीन गाड़ियों को रोक लिया। इसके बाद सभी कांग्रेसियों को गाड़ियों से उतारकर जाजमऊ थाने लाया गया, जहां उन्हें कुछ देर तक हिरासत में रखा गया। बाद में जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला को चकेरी थाने की जीप से कचहरी स्थित कांग्रेस कार्यालय भेज दिया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच माहौल तनावपूर्ण बना रहा। जमकर हुई नारेबाजी हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेसियों ने थाने ले जाते समय जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर वे सभी लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, तभी जाजमऊ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की निरंकुश सरकार ईडी, सीबीआई और पुलिस का दुरुपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ना चाहती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सड़कों पर उतर चुकी है और इस दमनकारी नीति का डटकर विरोध करेगी। संवैधानिक अधिकारों के हनन का आरोप जाजमऊ चौराहे के पास चकेरी और जाजमऊ थाने की पुलिस ने जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत 17-18 कांग्रेसियों को हिरासत में लिया। हालांकि कुछ देर बाद सभी को रिहा कर दिया गया। हिरासत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मौके पर एसीपी चकेरी से बातचीत की और कार्रवाई को संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करना उनका अधिकार है, जिसे दबाने का प्रयास किया गया।
https://ift.tt/pAlaJPG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply