भदोही के अंतर्राष्ट्रीय धावक और बीएसएफ के सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट मुरलीधर का 4 दिसंबर की सुबह स्वास्थ्य कारणों से निधन हो गया। उनके निधन से जनपद में शोक व्याप्त है। निधन की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक उनके पैतृक गांव मदनपुर, गोपीगंज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दिवंगत मुरलीधर के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान अभोली ब्लाक प्रमुख प्रियंका बिंद ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा, “मुरलीधर का देहावसान जनपद के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने देश की सीमा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया।” सेवानिवृत्ति के बाद भी मुरलीधर खेलों के प्रति समर्पित रहे। वे अपने मिशन के माध्यम से खेलों में नई क्रांति लाने और ओलंपिक खेलों में अधिक पदक दिलाने के लिए सक्रिय प्रयास कर रहे थे। वे युवाओं को खेल, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते थे। सेना व अर्धसैनिक बलों में भर्ती की तैयारी करने वाले युवा उन्हें अपना आदर्श और मार्गदर्शक मानते थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा, “मुरलीधर का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।” जनपद प्रशासन, खेल जगत, बीएसएफ परिवार और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
https://ift.tt/JCdrFf4
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply