लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की भीखमपुर शाखा में भुगतान निकालने आए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग राजेंद्र प्रसाद वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों पर भुगतान में देरी और कागजी कार्रवाई में उलझाए रखने का आरोप लगाया है। डोकरपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद वर्मा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार दोपहर वह अपने पुत्र देवेंद्र और पौत्र देवनीश के साथ ई-रिक्शा से भीखमपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने एटीएम कार्ड बनवाने की बात कही। जब खाताधारक हस्ताक्षर करने में असमर्थ थे, तो उन्हें ज्वाइंट संबंधी कागजात की बात कहकर काफी देर तक रोके रखा गया। पुत्र देवेंद्र ने बताया कि इसी बीच बैंक में भोजनावकाश हो गया और प्रबंधक समेत कर्मचारी खाना खाने चले गए। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। पौत्र देवनीश ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने समय पर भुगतान नहीं दिया और कागजी प्रक्रिया में उलझाए रखा, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। वहीं, शाखा प्रबंधक अभिषेक मिश्र ने इन आरोपों को नकार दिया। उन्होंने बताया कि खाताधारक पहले से बीमार थे और बैंक में आने पर उन्हें भुगतान दे दिया गया था। इसके कुछ समय बाद बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
https://ift.tt/MdAgJKc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply