DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बैंक-बीमा यूनियनें 12 फरवरी को करेंगी देशव्यापी हड़ताल:चार श्रम संहिताओं और निजीकरण के विरोध में खोला मोर्चा

देश की दस प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर बैंकिंग और बीमा क्षेत्र की यूनियनें 12 फरवरी 2026 को देशव्यापी एकदिवसीय हड़ताल करेंगी। यह हड़ताल सरकार द्वारा लागू की जा रही चार श्रम संहिताओं के विरोध में बुलाई गई है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) सहित अन्य संगठनों ने इस हड़ताल का ऐलान किया है। यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन, गाजीपुर इकाई के जिला मंत्री सत्येन्द्र गुप्ता ने बैंक व बीमा क्षेत्र के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से हड़ताल में पूर्ण भागीदारी की अपील की है। यूनियनों का आरोप है कि ये चारों श्रम संहिताएं कॉरपोरेट हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। इनमें ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को प्राथमिकता दी गई है, जिससे श्रमिकों की ‘ईज ऑफ लिविंग’ कमजोर हो रही है। संगठन बनाने का अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी और आठ घंटे का कार्यदिवस जैसे बुनियादी श्रमिक अधिकारों पर खतरा बताया जा रहा है। यूनियनों ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों के निजीकरण एवं विनिवेश पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है। सत्येन्द्र गुप्ता के अनुसार, बीमा कानून (संशोधन) विधेयक 2025 के तहत बीमा क्षेत्र में एफडीआई सीमा को 74 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करना निजीकरण की दिशा में एक गंभीर कदम है। एलआईसी का आईपीओ, आईडीबीआई बैंक में रणनीतिक हिस्सेदारी की बिक्री और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में एफडीआई सीमा बढ़ाने जैसे निर्णय इसी नीति का हिस्सा हैं। यूनियनों ने स्पष्ट किया है कि 12 फरवरी की यह आम हड़ताल श्रमिक अधिकारों की रक्षा, सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों के संरक्षण और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगी।


https://ift.tt/QvKX7xm

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *