प्रयागराज शहर के करैली थाना क्षेत्र की तत्हीर फातिमा ने अपने ससुराल पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से इंसाफ की मांग की, जिसके बाद उनके निर्देश पर करेली पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवाहिता ने बताया कि उनका निकाह चार साल पहले कौशांबी के करारी निवासी अजहर मेंहदी से हुआ था। शादी में मायके वालों ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पहुंचते ही उनसे बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी गई। तत्हीर का आरोप है कि पति अजहर मेंहदी, सास हाशमी फातिमा तबा रिजवी, ननद तमन्ना रिजवी और देवर अरमान मेंहदी लगातार उनका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। विरोध करने पर उन्हें कई बार बेरहमी से पीटा गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि ससुराल पक्ष पति की दूसरी शादी कराने की नीयत से लड़कियां देखने लगा था और उन्हें नौकरानी की तरह काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि छह माह पहले उसे जान से मारने की नीयत से घर में बंद कर दिया गया था। किसी तरह वह वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकली। तत्हीर ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी उसे जिंदा जला सकते हैं। उन्होंने अपनी मायके की कमजोर आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया, जिसके कारण वह किसी सुरक्षित जगह नहीं जा पा रही हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर करेली थाना पुलिस ने आरोपी ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अवधेश सोनी ने बताया कि दहेज के मुकदमे की जांच शुरू कर दी गई है। ससुराल पक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/V3bYZ1M
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply