देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने सोमवार को इमरजेंसी वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म और आई-कार्ड के ड्यूटी करते पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सोमवार दोपहर लगभग तीन बजे डॉ. पटेल अचानक मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी कक्ष और चिकित्सा काउंटर का निरीक्षण किया, जहां कुछ जूनियर रेजिडेंट और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बिना ड्रेस कोड के कार्य करते मिले। इस पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण की सूचना मिलते ही इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. एन.के. पांडे भी मौके पर पहुंच गए। प्राचार्य ने इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण कक्ष और बरामदे का भी जायजा लिया। इस दौरान बरामदे में पड़े एक अज्ञात मरीज के बारे में जानकारी ली और उसके समुचित इलाज व देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात मरीज के साथ लापरवाही न बरती जाए और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. के. मिश्रा भी इमरजेंसी पहुंचे। प्राचार्य ने उनके सामने भी कर्मचारियों की ड्रेस और आई-कार्ड को लेकर सख्त निर्देश दोहराए। साथ ही वार्ड में भर्ती मरीजों की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी ली। लगभग आधे घंटे चले इस औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्राचार्य ने अंत में कहा कि इमरजेंसी सेवा अस्पताल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए यहां अनुशासन, पहचान और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
https://ift.tt/IipgQCM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply