बिजनौर रोडवेज बस स्टैंड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले छह दिनों से डिपो के दोनों निकासी गेट बंद होने से बसों का प्रवेश और निकास बाधित है। इसके चलते रोडवेज की बसों को शहर के सुभाष चंद्र बोस तिराहे पर रोकना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। बसों को डिपो तक न पहुंच पाने के कारण उन्हें सुभाष चंद्र बोस तिराहे पर बने अस्थाई अड्डे पर रोका जा रहा है। इस अस्थाई व्यवस्था के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें तिराहे से रोडवेज डिपो तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है, लेकिन निकासी गेट बंद होने से प्रतिदिन हजारों यात्री प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की है। मोहम्मद फुरकान एडवोकेट, मोहम्मद सलीम एडवोकेट और विभोर गोयल जैसे यात्रियों ने बताया कि अस्थाई अड्डा रोडवेज डिपो से काफी दूर है। बस से उतरने के बाद यात्रियों को डिपो तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने यह भी बताया कि अचानक बदले गए स्टॉप के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। इस समस्या से केवल स्थानीय रूट की बसें ही नहीं, बल्कि गैर जनपदों से आने वाली रोडवेज बसें भी प्रभावित हो रही हैं। ये बसें भी मुख्य अड्डे तक न पहुंचकर अस्थाई स्थान पर ही यात्रियों को उतार रही हैं। इससे यात्रियों का समय बर्बाद हो रहा है और उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वंही एआरएम रोडवेज अशोक कुमार ने बताया कि नगर पालिका ने सड़क निर्माण के लिए तीन दिन का समय बताया था। लेकिन छह दिन बीतने के बाद भी सड़क को नहीं खोला गया है। जाम व अन्य असुविधा से बचने के लिए सुभाषचंद चौक पर अस्थाई रूप से बसों को रोका जा रहा है। दैनिक यात्रियों की सुविधा की पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
https://ift.tt/BfSRJlD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply