DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बाराबंकी में घने कोहरे और ठंड से जनजीवन प्रभावित:वाहनों की रफ्तार थमी, अगले चार दिन भी कोहरे का अनुमान

बुधवार सुबह मौसम में बदलाव के साथ ही ठंड बढ़ गई। घने कोहरे और बादलों के कारण दिनभर सूरज नहीं दिखा। कोहरे की वजह से सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इस मौसम में पहली बार इतना घना कोहरा देखा गया, जो दोपहर तक छाया रहा। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। ठंड से पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। दोपहर में हल्की धूप निकलने पर लोगों को थोड़ी राहत मिली और वे धूप में बैठकर गर्माहट महसूस करते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक इसी तरह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। घने कोहरे और बढ़ती ठंड का असर फसलों पर भी देखा जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दी गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद होती है, जबकि फूल वाली फसलों को इससे नुकसान हो सकता है। पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान राम सरन वर्मा ने बताया कि दिसंबर का आधा महीना बीत चुका है और गेहूं की फसल के लिए ठंड का बढ़ना आवश्यक है। घने कोहरे की परत के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। 100 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। सोमवार और मंगलवार शाम से लेकर बुधवार सुबह तक कई ट्रेनें 6 से 11 घंटे की देरी से गुजरीं। गांधीधाम स्पेशल ट्रेन भी कोहरे के कारण काफी विलंब से रवाना हुई। वहीं, बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। कई रूटों पर बसें अपने निर्धारित समय से आधा से एक घंटे देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।


https://ift.tt/8ozGSUZ

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *