थाना कोतवाली बागपत पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस वीडियो में महापुरुषों एवं जाति विशेष के विरुद्ध अपशब्दों का प्रयोग किया गया था, जिसके वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली बागपत पुलिस ने तत्काल वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान भारत पुत्र दिनेश, निवासी ग्राम काठा, थाना कोतवाली बागपत के रूप में हुई। पुलिस टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर अभियुक्त भारत को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ और समाज में वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट करना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्यों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का प्रयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करें। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या समाज को बांटने वाली सामग्री पोस्ट न करें। यदि कोई व्यक्ति इस तरह की पोस्ट या वीडियो देखता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
https://ift.tt/Ar6wsmV
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply