हाथरस के महिला थाने में एक विवाहिता ने अपने ससुर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का भी आरोप लगाया है। यहां की एक युवती की शादी फरवरी 2022 में आगरा के खंदौली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। युवती के पिता ने शादी में लगभग नौ लाख रुपये खर्च किए थे। विवाहिता के अनुसार, शादी के शुरुआती तीन महीने तक ससुराल वालों का व्यवहार ठीक रहा। इसके बाद पति और ससुराल के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज में एक कार की मांग करने लगे। जब विवाहिता ने इसका विरोध किया, तो उसे गालियां दी गईं और उसके साथ मारपीट की गई। उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। अगस्त 2024 में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिसमें ससुराल वालों ने मारपीट न करने का आश्वासन देकर विवाहिता को अपने साथ ले गए। आरोप है कि जुलाई 2025 की शाम करीब सात बजे जब विवाहिता अपने कमरे में अकेली थी, तब ससुर ने उसे अकेला पाकर बदनीयती से उसका हाथ पकड़ लिया। विवाहिता किसी तरह बचकर बाहर भागी और उसने पति व सास से शिकायत की। इस पर सभी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। आरोप है कि 25 जून 2025 की शाम करीब 7:30 बजे जब विवाहिता रसोई में खाना बना रही थी, तभी ससुर ने उसे पीछे से पकड़ लिया और अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसके बाद उसे हाथरस के तालाब चौराहे पर छोड़कर चले गए। ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे धमकी भी दी। इन घटनाओं के कारण विवाहिता हृदय रोग से पीड़ित हो गई है और उसके पिता आगरा के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज करा रहे हैं। महिला थाना पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
https://ift.tt/sH1ncNh
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply