बहराइच में तेंदुए ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर जान ले ली। बुधवार शाम बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान तेंदुआ अचानक हमला कर दिया। बच्चे को मुंह में दबाकर भागने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन लाठी-डंडा लेकर दौड़े। लोगों को आता देख तेंदुआ बच्चे को घायल अवस्था में छोड़कर जंगल में भाग गया। घायल को तुरंत इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी है। मामला कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के चहलवा का है। अब जानिए पूरा मामला निषाद नगर में सुभाष अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे उनका पुत्र अरुण (08) अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को उठाकर जंगल की ओर भागने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग शोर मचाते हुए तेंदुए के पीछे दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ अरुण को घायल अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल अरुण को तत्काल इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में गहरा मातम छा गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना देते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। गांव में बिजली की भी नहीं है व्यवस्था प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम ने बताया कि गांव में बिजली की व्यवस्था न होने के कारण चारों ओर अंधेरा रहता है, इसी का फायदा उठाकर तेंदुआ गांव में घुस आया और हमला कर दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना वन विभाग की लापरवाही का नतीजा है। ग्रामीण लंबे समय से वन विभाग और अधिकारियों से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
https://ift.tt/QVGSuXr
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply