प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के सेवईत गांव में शनिवार दोपहर एक बहनोई ने अपने साले की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना छोटी बहन की शादी के सामान की खरीदारी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। गंभीर रूप से घायल साले अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव निवासी गुड्डू लाल के दो बेटे सुनील और अनिल और तीन बेटियां हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मझली बेटी अंजना अपने पति राजू (जो कि मृतक अनिल का बहनोई है) के साथ मायके में ही रहती है। घर में अनिल, सुनील और उनकी छोटी बहन काजल रहते हैं। काजल की शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके लिए गुड्डू, उनके बेटे सुनील, अनिल और दामाद राजू मिलकर खरीदारी कर रहे थे। शनिवार दोपहर काजल की शादी के सामान की खरीदारी को लेकर बहनोई राजू और साले अनिल के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे। विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। जब तक बड़े भाई सुनील और पिता गुड्डू बीच-बचाव करने पहुंचे, दोनों लाठी-डंडों और सरिया से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। जब अनिल ने उपद्रव मचाना शुरू किया, तो उसके दोनों पैर रस्सी से बांध दिए गए। इसके बाद नशे में धुत बहनोई राजू ने अनिल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर प्रहार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरांव पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/aA09j4p
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply