DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बलिया का सुरहाताल पर्यटन स्थल बनेगा:नौरंगा में कटान रोकने के निर्देश, डीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा

बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने सुरहाताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और बाढ़ से पहले नौरंगा में कटान रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की निगरानी के लिए पर्यटन अधिकारी के साथ एक जिला स्तरीय अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरहाताल क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्लान शीघ्र तैयार करने और वहां मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मार्ग संख्या 107 के अंतर्गत 45.7 किलोमीटर में इंदरपुर-पांडेपुर-कुकूह-कोजी होते हुए गड़वार-रतसड़ तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि यह कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को कटहल नाला के पास जर्जर बिजली पोलों का तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया। नौरंगा क्षेत्र में संभावित कटान को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने बाढ़ से पहले सभी आवश्यक प्लान तैयार कर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए ताकि कटान की स्थिति उत्पन्न न हो। यूपी सिडको द्वारा राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, हुसैनाबाद में चल रहे निर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि यह 77 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। सोमवार को ही जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की। योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने एलडीएम को योजना की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पीएम सूर्य घर योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य कर योजना को गति देने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, डीडीओ आनंद प्रकाश, एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


https://ift.tt/q7tVYIa

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *