यूपी के बरेली में शादी समारोह में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक बाराती की गोली लगने से मौत हो गई। युवक की मौत से खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। शादी में चीख-पुकार मच गई। गोली चलने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को सिठौरा से सिरौली के शिवपुरी गई थी बारात रविवार को सुभाषनगर के सिठौरा से सिरौली के शिवपुरी बारात गई थी, जिसमें रिजवान भी गया था। रात में जब बारात शिवपुरी पहुंची, तो वहां शादी की खुशी में फायरिंग हुई। लोगों ने खुशी में हर्ष फायरिंग की। इसमें चली गोली पास में ही खड़े 30 साल के रिजवान को लग गई। गोली लगते ही वह खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़ा। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिता बोले-जानबूझकर माथे पर सटाकर मारी गोली रिजवान के पिता निसार अहमद ने बताया कि गांव से रात में बारात गई थी, जिसमें मेरा बेटा रिजवान भी गया था। बारात जैसे ही शिवपुरी पहुंची और दूल्हा निकाह के लिए जा रहा था, तभी गांव के अरविंद नाम के युवक ने रिजवान को गोली मार दी। गोली सीधे उसके माथे में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस इसे हर्ष फायरिंग बता रही है, लेकिन यह सीधी-सीधी हत्या है। उन्होंने बताया कि 3 साल पहले ही बेटे की शादी हुई थी और उसका 2 साल का बेटा हमजा है, जिसके सिर से इतनी कम उम्र में पिता का साया उठ गया। यह हमारा सबसे बड़ा बेटा था। मेरे दो साल के मासूम बेटे का क्या होगा, उसका पिता नहीं रहा इस घटना के बाद रिजवान की पत्नी शहनाज का रो-रो कर बुरा हाल है। उसका कहना है कि शाम के वक्त वो अपने बेटे को गोद में खिला रहे थे। उसके बाद वो बारात में चले गए, जहां उसकी हत्या कर दी गई। पत्नी का कहना है कि हमारा क्या दोष था जो मेरे पति को मार दिया। वो तो खुशियों में शरीख होने गए थे। अगर ऐसा पता होता कि मेरे पति को गोली मार देंगे तो हम उन्हें कभी जाने नहीं देते। शहनाज बार बार कह रही है कि अब मेरे दो साल के मासूम का क्या होगा। इतनी बड़ी जिंदगी हम कैसे गुजारेंगे। उनका कहना है कि दोषी को फांसी होना चाहिए। एक तरफ निकाह, दूसरी तरफ मर्डर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक तरफ दूल्हा-दुल्हन के निकाह की रस्म चल रही थी और दूसरी तरफ गोलियां चल रही थीं। लोगों ने बताया कि वहां कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे दहशत फैल गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि शिवपुरी में शादी समारोह में गोली चलने से रिजवान नाम के व्यक्ति की मौत हुई है। परिजनों ने अरविंद नाम के व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। सिरौली पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कई सवाल जिनके जवाब आना बाकी वही जिस तरह से गोली सीधे रिजवान के माथे पर लगी है इससे ये साफ होता है कि ये हर्ष फायरिंग नहीं हो सकती। रिजवान भी सड़क पर ही बारात के साथ खड़ा था। अगर वो छत पर होता तो ये माना जा सकता है कि ये हर्ष फायरिंग में गोली लगी होगी। क्योंकि अगर हर्ष फायरिंग होती तो वो हवाई फायरिंग होती। क्या रिजवान और अरविंद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। क्या दोनों के बीच कोई दुश्मनी थी जिसकी घर वालों को जानकारी नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एसपी साउथ का कहना है कि मामले की गहन जांच की जाएगी, दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।
https://ift.tt/Xq4NEIh
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply