बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति और ससुर को दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर की गई, जिससे स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। घटना 22 दिसंबर की सुबह करीब नौ बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि डोहरा गौटिया कुसुमनगर निवासी विवाहिता ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि मृतका का शव फंदे से उतारकर बेड पर लिटाया गया था और ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब थे। जांच में पता चला कि मृतका शिवानी की शादी 18 मई 2022 को सोनू उर्फ ब्रजकिशोर शर्मा से हुई थी। दंपती की एक दो साल की बेटी भी है। शिवानी का पति दिल्ली में टेंपो चलाता है और घटना से एक दिन पहले ही घर लौटा था। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग, जिनमें मृतका के पिता मुनीश शर्मा भी शामिल थे, मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरा गया और वीडियोग्राफी के साथ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतका के पिता मुनीश शर्मा की तहरीर पर बारादरी थाने में पति, ससुर सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त सोनू उर्फ ब्रजकिशोर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उसने बताया कि 21 दिसंबर की रात एलसीडी टीवी को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद वह कमरे से बाहर सोने चला गया। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसने धक्का देकर अंदर प्रवेश किया और शिवानी को फंदे पर लटका पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी क्रम में मृतका के पति सोनू और ससुर राजेंद्र प्रसाद को सुरेश शर्मा नगर चौराहे से गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/1L4diUw
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply