बदायूं में थार और ट्रक की टक्कर के बाद सिपाहियों से हाथापाई करने वाले आरोपी रजत सिंह की गिरफ्तारी अब राजनीतिक खींचतान में उलझती जा रही है। पुलिस कार्रवाई का दावा तो कर रही है, लेकिन गिरफ्तारी के मामले में उसके हाथ बंधे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय बीजेपी नेताओं की सक्रियता के कारण आरोपी की पकड़ में देरी हो रही है, जिससे पार्टी में गुटबंदी की अटकलें भी तेज हो गई हैं। यह घटना बुधवार देर रात हुई थी। घटना के तुरंत बाद जिन चेहरों को मामले में हस्तक्षेप करते देखा गया, उन्हीं की वजह से पुलिस का रवैया नरम पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया। अब वही प्रभावशाली व्यक्ति पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिशों में लगे बताए जा रहे हैं, जिसके चलते मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपी रजत सिंह उसावां ब्लाक प्रमुख ममता सिंह का भतीजा है। उसके पिता राजीव सिंह बीजेपी से दातागंज विधानसभा का टिकट भी मांग चुके हैं और जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। थार गाड़ी पर विधानसभा का स्टीकर लगा होना और पुलिस द्वारा उसे थाने लाकर हटा लेना मामले को और पेचीदा बना रहा है। पार्टी के कुछ नेताओं के खुलकर बचाव में आने से अंदरूनी खेमेबाजी की चर्चाएं बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि पुलिस शुरुआत से ही असहाय दिख रही है और राजनीतिक दखल के चलते कार्रवाई में स्पष्ट ढिलाई नजर आती है। चर्चा है कि गिरफ्तारी में सबसे बड़ी बाधा वही प्रभावशाली व्यक्ति हैं जो मामले को शांत करने के नाम पर आरोपी को बचाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। सपा सांसद ने कसा तंज
इस मामले में सपा सांसद आदित्य यादव ने अपने X प्लेटफॉर्म पर बदायूं की राजनीति पर तंज कसा है। आदित्य ने लिखा सत्ता के मद मे मदहोश है सत्ता पक्ष। बदायूं के सत्ताधारी दल के नेता के पुत्र ने सत्ता के मद में चूर होकर बीच सड़क पर सिपाही को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। रिवाल्वर तक लहराई। सत्ता के मद में नेता का पुत्र शराब के नशे में था। बदायूं पुलिस भी सत्ता के आगे पूरी तरह नतमस्तक है। जब बदायूं का यह हाल है तो न्याय कहां से मिलेगा। न्याय देने वाले पीटे जा रहे हैं और कानून बनाने वाले इन्हें रौंद रहे हैं। जब आम जनता तक बुलडोजर चलाने में सरकार एक क्षण की देरी नहीं करती तो क्या अब सत्ता पक्ष के नेता के घर पर भी बुलडोजर चलेगा? ऐसा लगता है भाजपा सरकार में कानून केवल कमजोरों के लिए है और सत्ता से जुड़े लोगों को विशेष छूट प्राप्त है।
https://ift.tt/mbyOHWB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply