बदायूं में थार और ट्रक की टक्कर के बाद सिपाहियों से हाथापाई का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर समाजवादी पार्टी ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी ने इस घटना को कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा तंज कसा है। सपा सांसद आदित्य यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यूपी सरकार को घेरा था। इसके बाद सपा के प्रदेश कार्यालय के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा गया। सपा की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि भाजपा के नेता पुत्र ने सत्ता और शराब के नशे में पहले कार टकराई और उसके बाद पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। पार्टी ने मुख्यमंत्री के ‘जीरो टॉलरेंस’ और कानून व्यवस्था के दावों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि यही सरकार के दावों की सच्चाई है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि बुलडोजर की चाभी खो गई है या तेल खत्म हो गया है। दरअसल, यह घटना बदायूं में बुधवार देर रात हुई थी, जब एक थार और ट्रक की टक्कर हो गई थी। मौके पर पहुंचे सिपाहियों से हाथापाई का मामला सामने आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की बात कही थी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी रजत सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रजत सिंह उसावां ब्लॉक प्रमुख ममता सिंह का भतीजा है। उसके पिता राजीव सिंह भाजपा में जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राजीव सिंह का आरोप है कि सिपाहियों ने हादसे के बाद उनके बेटे से रिश्वत मांगी और मारपीट की थी। इस घटना में थार वाहन पर विधानसभा का स्टीकर लगे होने और बाद में पुलिस द्वारा वाहन को थाने लाकर स्टीकर हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
https://ift.tt/IfwYjpd
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply