कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र में बड़ी गंडक नदी पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। भैंसहा घाट पर ठोकर नंबर तीन के पास मशीन द्वारा मिट्टी परीक्षण (सॉइल टेस्टिंग) का कार्य शुरू हो गया है। इस पुल के निर्माण पर लगभग 6 अरब 49 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। सेतु निगम द्वारा इस पुल के निर्माण के लिए 6 अरब 49 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। मिट्टी परीक्षण कार्य पूरा होने के बाद पुल के डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। मिट्टी परीक्षण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के रेतावासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वर्षों पुरानी पक्के पुल की उनकी मांग अब साकार होती दिख रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पुल खड्डा और रेतां क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा। आजादी के बाद से ही खड्डा के रेतां क्षेत्र के भैंसहा, मरिचहवा, हरिहरपुर, नारायणपुर, शिवपुर, सोहगीबरवा, बसही, भैसहा और शिकरपुर सहित दर्जनों गांवों के लोग आवागमन की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। बड़ी गंडक नदी के उस पार बसे इन गांवों में जाने के लिए कोई स्थायी और सुरक्षित मार्ग नहीं था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती थी, जब नाव ही एकमात्र सहारा होती थी। लगभग 50 हजार से अधिक की आबादी इस पुल के अभाव में प्रभावित रही है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार जैसे क्षेत्रों पर सीधा असर पड़ा है। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वहीं मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। वर्ष 2019 में भैंसहा घाट पर पीपा पुल लगाया गया था, जिससे कुछ हद तक राहत मिली। हालांकि, नदी में पानी बढ़ने पर यह पीपा पुल बह जाता है, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। ऐसे में स्थायी समाधान के रूप में पक्के पुल की मांग लगातार उठती रही है। क्षेत्रीय सांसद विजय कुमार दुबे और विधायक विवेकानंद पांडेय ने भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मिलकर नारायणी (बड़ी गंडक) नदी पर पक्के पुल के निर्माण की मांग रखी थी। भैंसहा गांव के धनेश्वर यादव, तारकेश्वर चौधरी का कहना है कि खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय के अथक प्रयास के वजह से आज पक्का पुल का सपना साकार होता दिख रहा,और खड्डा विधायक के द्वारा रेता क्षेत्र वासियों का दर्द समझा और उस दर्द का निदान किया, पक्का पुल बनने में आस पास के लोगों को रोजगार भी मिलेगा और भैंसहा गांव का भी विकास होगा ।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल बन जाने से उन्हें खड्डा तहसील मुख्यालय, जिला मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सड़क नेटवर्क के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
मिट्टी परीक्षण कार्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसे अपने संघर्ष और उम्मीदों की जीत बताया। अब सभी की निगाहें शासन की अंतिम मंजूरी और निर्माण कार्य की शुरुआत पर टिकी हैं। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो जल्द ही बड़ी गंडक नदी पर पक्के पुल का सपना हकीकत में बदल सकता है।
https://ift.tt/HuVmza5
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply