रामपुर में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर विपक्ष की आलोचना पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बजट को ‘आत्मनिर्भर भारत की गूंज’ और ‘विकसित भारत की गर्जना’ बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन की ताकत और दूरदर्शिता का प्रमाण है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि तर्कों की कमी ने विपक्ष को कुतर्कों की राजनीति की ओर धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति करने वाले दलों को जनता लगातार नकार रही है, जबकि विकास और सुशासन की राजनीति को स्वीकार कर रही है। भारत निरंतर सशक्त और सफल प्रगति की ओर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और मंदी के दौर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिरता और मजबूती मिली है। उन्होंने दावा किया कि बाहरी दबावों और आंतरिक बाधाओं के बावजूद भारत निरंतर सशक्त और सफल प्रगति की ओर बढ़ रहा है। बजट की आलोचना कर रहे विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए नकवी ने कहा कि वे ‘हिट एंड रन’ की राजनीति कर रहे हैं और केवल ‘हवा-हवाई बयानबाज़ी’ तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दल चुनावी मैदान में उतरने के बजाय ‘रण छोड़कर बहादुरी का ढोंग’ कर रहे हैं। समावेशी सशक्तिकरण का एक वैश्विक मॉडल तैयार नकवी ने कहा कि भाजपा को सत्ता में आते समय एक कठिन और चुनौतीपूर्ण विरासत मिली थी, लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने सुशासन, स्थिरता और समावेशी सशक्तिकरण का एक वैश्विक मॉडल तैयार किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत किसी आर्थिक शक्ति के सामने मजबूर नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर और मजबूत बनकर खड़ा है। उन्होंने विपक्ष पर कुंठा और आंतरिक कलह में उलझे रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब परिवारवाद की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर रही है। मुख्तार अब्बास नकवी ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों में भी जनता सुशासन को प्राथमिकता देगी और वंशवाद की राजनीति को नकार देगी।
https://ift.tt/Ee6PfLo
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply