इटावा के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में एक ओला कैब चालक अपने घर से कुछ ही दूरी पर कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिला। युवक गुड़गांव में ओला कैब चलाता है और बुधवार रात किसी सवारी को लेकर इटावा आया था। सुबह परिजनों को वह कार में बेसुध मिला, जबकि उसका पर्स और बैग गायब थे। डॉक्टरों ने जहरखुरानी की आशंका जताई है। युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस को सूचना दे दी गई है। घटना थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अड्डा पाय इलाके की है। यहां रहने वाले आकाश पुत्र बृजराज गुड़गांव में ओला कैब चलाते हैं। वह काफी समय से अपने परिवार के साथ इटावा में किराए के मकान में रह रहे हैं। बुधवार रात करीब दस बजे आकाश ने अपने छोटे भाई विकास से फोन पर बात की थी और बताया था कि वह एक सवारी को लेकर इटावा आ रहा है और रात घर पर ही रुकेगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। सुबह जब छोटा भाई विकास घर से बाहर निकला तो घर से करीब दो सौ मीटर दूर आकाश की कार खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर देखा तो आकाश सीट पर बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसे जगाने की कोशिश की गई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जांच करने पर पता चला कि उसका पर्स और बैग कार में नहीं थे। इसके बाद परिजन घबराकर उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि युवक को नशीला पदार्थ दिया गया है और जहरखुरानी की आशंका जताई जा रही है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन अभी तक उसे पूरी तरह होश नहीं आया है। युवक को उसका छोटा भाई ही अस्पताल लेकर आया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक के साथ यह घटना कैसे हुई और पर्स व बैग कहां गए।
https://ift.tt/wE1iQoZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply