संभल जनपद की असमोली विधानसभा से समाजवादी पार्टी की विधायक पिंकी यादव ने गुरुवार शाम जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात करने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद बहजोई में रात करीब 8 बजे आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर फॉर्म-7 के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। विधायक पिंकी यादव ने कहा कि फॉर्म-7 का सुनियोजित तरीके से गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से सैकड़ों फॉर्म-7 भरकर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाए जा रहे हैं। ये फॉर्म लेखपालों के माध्यम से वीएलओ (VLO) को सौंपे जा रहे हैं। इस संबंध में उन्हें लगातार अपनी विधानसभा क्षेत्र की जनता से शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि असमोली क्षेत्र के कई गांवों में बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भेजे गए हैं। गांव धुरैटा के तीन बूथों पर करीब 350, लहरा कमागर में 290, ऐंचोड़ा कम्बोह में 335, माडली समसपुर में 204, शेरपुर की मिलक में 108, मिलक पुत्र सुखा में 107 और वबैना गांव में 401 फॉर्म-7 भेजे जाने की जानकारी मिली है।
विधायक का दावा है कि इसके अलावा सैकड़ों अन्य गांवों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लगभग 30 से 35 हजार मुस्लिम-यादव वोट काटे जाने की आशंका है। पिंकी यादव ने कहा कि कई ऐसे मतदाता हैं जिन्होंने न तो कोई शिकायत की और न ही कोई आवेदन दिया, फिर भी उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने इसे पूरी तरह से गैर-पारदर्शी प्रक्रिया बताया और आरोप लगाया कि बीजेपी मनमाने तरीके से वोट बनवा और कटवा रही है।
विधायक ने जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिना शिकायत काटे गए सभी वोट तत्काल बहाल करने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर जन आंदोलन करेगी। पिंकी यादव ने यह भी कहा कि एसआईआर का दूसरा चरण चल रहा है, जिसमें नए वोट बनाने की बात हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के प्रिंटेड फॉर्म जबरन बीएलओ को देकर वोट कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसकी शिकायत समाजवादी पार्टी लगातार निर्वाचन आयोग से कर रही है।
https://ift.tt/LVQZBu3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply