बरेली में बारात लेकर आए दूल्हे ने लड़की वालों से भारी-भरकम दहेज की मांग की। दूल्हे ने कहा- मुझे ब्रेजा कार और 20 लाख रुपए चाहिए। तभी मैं फेरे लूंगा। नहीं तो बारात वापस ले जाऊंगा। इस पर लड़की वालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने। तभी ऐन मौके पर दुल्हन ने ही शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन ने कहा- इन दहेज लोभियों से मुझे शादी नहीं करनी। मेरे पापा-भाई को सब मेहमानों के बीच जलील किया। मैं खुद इस लड़के के साथ जिंदगी नहीं बिता सकती है। मुझे खुद इस लालची के साथ सात फेरे नहीं लेने। इस बात को लेकर शादी समारोह में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। दूल्हे, उसके पिता और जीजा को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मई में तय हुई थी शादी कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में रहने वाले मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी करीब आठ महीने पहले प्रेम नगर की नई बस्ती में रहने वाले व्यापारी ऋषभ के साथ तय हुई थी। ऋषभ राइस मिल के पार्ट्स का व्यापार करता है। दुल्हन ज्योति के पिता मुरली मनोहर ने बताया- ऋषभ के पिता राम अवतार ने शादी तय करते समय हमसे कहा था कि बस एक जोड़ी कपड़े में बेटी को विदा कर दीजेगा। इसके बाद मई में शहर के एक बड़े होटल में बेटी की सगाई की। इसमें हमारा करीब तीन लाख रुपए खर्च हुआ था। इसके बाद दूल्हे को सोने की अंगूठी, चेन और पांच लाख रुपए नगद भी दिए थे। इसके बाद से एक-एक करके आए दिन लड़के वाले किसी न किसी चीज की मांग करते थे। हम यही सोचकर पूरा करते जा रहे थे कि चलो कोई नहीं, बेटी तो खुश रहेगी। हमने उनके घर में सबके लिए सोने के गहने बनाए थे। गुरुवार को जब हम लड़के वाले के घर लग्न लेकर गए। तो एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, गृहस्थी का सामान, गहने, बतौर शगुन एक लाख बीस हजार रुपए नगद सब कुछ देकर आए। बारात का हुआ स्वागत, फेरों से पहले बिगड़ा माहौल शुक्रवार को शादी थी। लड़के वाले देर रात सदर बाजार के युगवीणा लाइब्रेरी में बारात लेकर पहुंचे। ये बहुत महंगा वैन्यू है। लेकिन लड़के वालों की डिमांड के लिए हमने इस वैन्यू को बुक किया। हमने पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से बारात का स्वागत किया। शादी की रस्में शुरू हुईं, लेकिन फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष ने 20 लाख रुपए नगद और ब्रेजा कार की मांग रख दी। हमने बेटा समझकर दूल्हे को काफी समझाया। लेकिन दूल्हा नहीं माना। इसके बाद हमने दूल्हे के पिता और बाकी परिजन से बात की। हमने कहा- इतनी जल्दी कहां से हम 20 लाख रुपए और ब्रेजा कार ले आएंगे। शादी हो जाने दीजिए, हम आगे देखते हैं। लेकिन लड़के वाले नहीं माने। उल्टा लड़के वाले हंगामा करने लगे कि अगर अभी हमारी डिमांड पूरी नहीं हुई तो हम फेरे नहीं लेंगे और बारात वापस लेकर चले जाएंगे। ये शब्द थे ऋषभ के। इसके बाद दूल्हा पक्ष बारात वापस ले जाने की तैयारी करने लगा। तो मैंने और मेरे बेटे ने दूल्हे को समझाया, उसे रोकने की कोशिश की। तो उसने हमें धक्का दे दिया। तब हमारे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर कैंट पुलिस पहुंची। फिर दूल्हा ऋषभ, उसके पिता राम अवतार और जीजा को हिरासत में ले लिया। ये सब जानकारी मिलने पर मौके पर दुल्हन पहुंची। दुल्हन ने रोते हुए बोला- मुझे खुद इस लालची और नशेड़ी ऋषभ से शादी नहीं करनी है। जो अभी दहेज के लिए मेरे परिवार की बेईज्जती कर रहा है, वो आगे क्या इज्जत करेगा। मुझे खुद इस लड़के से शादी नहीं करनी। ले जाओ बारात वापस। दुल्हन ने बताया- ये लोग कैसे हैं। इनके घर में बेटी नहीं है क्या। किसी से शादी के ऐन वक्त पर कार और 20 लाख की डिमांड कर दी। कहां से लाते मेरा पापा। मेरे भाई को सबके सामने मारा इन लोगों ने। इसलिए मैने शादी से इंकार कर दिया। मैं क्या कोई भी लड़की ऐसे लड़के से शादी नहीं करेगी। जब शादी तय करने आए थे तो कह रहे थे कि एक जोड़ी कपड़े में विदा कर देना। हमें दहेज नहीं चाहिए। अब शादी के ऐन वक्त पर इतनी बड़ी डिमांड कर दी। मैं रात में बहुत रो रही थी। मेरे पापा ने तो खूब दान दहेज दिया था। इतना खर्चा किया। लाखों खर्च हो चुके, शादी करवाने वाले पर भी आरोप दुल्हन ज्योति के पिता मुरली मनोहर ने बताया- अब तक शादी में करीब 15 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। शादी करवाने वाले सिकलापुर के इंद्रपाल ने भी हमें लगातार गुमराह किया। रस्मों के दौरान दूल्हे और उसके परिजनों को सोने की चेन, अंगूठियां और नगदी भी दिया गया था। कैंट पुलिस का कहना है कि लड़की पक्ष की तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। …………………. ये खबर भी पढ़िए- सामूहिक विवाह में घोटाला, सिर्फ 5000 के लिए खाना बना: टेंडर 15 हजार का था, 7kg लड्डू कम दिए; कानपुर में रसगुल्ले के लिए मची थी लूट कानपुर में गुरुवार को 551 जोड़ों का सामूहिक विवाह और निकाह हुआ था। इसमें रसगुल्लों के लिए लूट मच गई थी। अब इस आयोजन में घोटाले की बात सामने आई है। दरअसल, 15 हजार लोगों के खाने के लिए टेंडर दिया गया था, लेकिन फर्म ने सिर्फ 5 हजार लोगों के लिए ही खाना बनाया। पढ़ें पूरी खबर…
https://ift.tt/wW76puO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply