आगरा के थाना नई की मंडी क्षेत्र में फुटवियर की दुकान में छत तोड़कर गल्ले से 9 लाख रुपए चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,57,500 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक लोहे का सब्बल बरामद किया है। एक आरोपी फरार है। दुकान में काम करने वाले व्यक्ति ने ही चोरी की साजिश रची थी।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि 2 फरवरी को वादी ने थाना नई की मंडी में सूचना दी कि वह ठाकुर एम.एम. शूज एंड हाजरा फुटवियर का मालिक है। 31 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले का ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपए चोरी कर लिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। 6 फरवरी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपी समी पुत्र भूरा, इस्मान पुत्र पवन खां, समीर पुत्र स्व. अल्लो और राहुल पुत्र मुनीराज को गिरफ्तार किया। एक आरोपी पवन फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि राहुल फुटवियर की दुकान में काम करता था और उसे गल्ले में रखी नकदी की जानकारी थी। योजना बनाकर 31 जनवरी की रात पांचों आरोपी पास के मकान की दीवार के सहारे छत पर चढ़े, गेट तोड़ा और सब्बल से ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपये चोरी कर लिए। राहुल छत पर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। चोरी के बाद सभी आरोपी चिराग फुटवियर की छत से निकलकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए।
आरोपियों ने चोरी की रकम में से 50-50 हजार रुपये खर्च कर लिए, जबकि शेष रकम आपस में बांट ली। बरामद धनराशि चोरी की रकम का शेष हिस्सा है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
https://ift.tt/J5KQ7oO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply