छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ़ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में इन दिनों उत्साह और ऊर्जा का सैलाब उमड़ा हुआ है। कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक मार्गदर्शन में आयोजित तीन दिवसीय भव्य फार्मा फेस्ट “Vitanza–2026” के दूसरे दिन शुक्रवार को कैंपस का नजारा किसी अंतरराष्ट्रीय खेल उत्सव जैसा नजर आया। 06 फरवरी की सुबह जब खेल मैदान पर खिलाड़ियों ने कदम रखे, तो जीत के जुनून और टीम वर्क की एक नई इबारत लिखी गई। आयोजन के दूसरे दिन एथलेटिक्स से लेकर इनडोर गेम्स तक में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मैदान पर दूसरे दिन की शुरुआत एथलेटिक्स ट्रैक पर हुई, जहां 100 मीटर और 400 मीटर की दौड़ में धावकों ने अपनी गति से हवाओं को चुनौती दी। जैसे ही स्टार्ट गन की आवाज गूंजी, प्रतिभागी फिनिशिंग लाइन की ओर बिजली की गति से दौड़ पड़े। इसके बाद कबड्डी के मैदान पर दांव-पेच का खेल शुरू हुआ, जहां ‘हुतू-तू’ की गूंज के साथ खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए पूरा दमखम लगा दिया। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण क्रिकेट का फाइनल मुकाबला रहा। चौकों-छक्कों की बरसात के बीच दर्शकों का उत्साह चरम पर था। मैच के हर ओवर के साथ रोमांच बढ़ता गया और अंततः बेहतर रणनीति और धैर्य दिखाने वाली टीम ने खिताबी जीत हासिल की।
खेलों के इसी क्रम में विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसका विधिवत शुभारंभ विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी जी एवं सुरक्षा प्रभारी डॉ. अंकित त्रिवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए एक बेहद प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, किताबी ज्ञान के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां छात्र जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। यह गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखती हैं, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास में भी मील का पत्थर साबित होती हैं।
https://ift.tt/LAlhiIb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply