कानपुर जीआरपी ने फतेहपुर से लापता हुए तीन नाबालिग दोस्तों को उनके परिजनों से मिलाया है। ये किशोर बिना बताए घर से निकले थे और कानपुर रेलवे स्टेशन पर भटकते हुए पाए गए थे। जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश नारायण ने बताया कि बुधवार सुबह टीम के साथ स्टेशन परिसर में गश्त के दौरान तीन किशोर घूमते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध लगने पर उन्हें पूछताछ के लिए स्टेशन लाया गया। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वे फतेहपुर जिले के थाना कल्याणपुर क्षेत्र के निवासी हैं। वे सोमवार को घर के बाहर खेलने निकले थे और बिना बताए कानपुर घूमने की योजना बनाई थी। ट्रेन से कानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उनके पास पैसे नहीं थे, जिसके कारण वे लोगों से मदद मांग रहे थे और कानपुर से कहीं और जाने की फिराक में थे। किशोरों से मिली जानकारी के आधार पर थाना कल्याणपुर पुलिस से संपर्क साधा गया और उनके परिजनों को सूचना दी गई। दोपहर 2 बजे आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों किशोरों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। प्रभारी ने आम जनता से अनुरोध किया है कि यदि स्टेशन पर कोई भी यात्री, बच्चा या बुजुर्ग भटकता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत इसकी जानकारी जीआरपी पुलिस को दें।
https://ift.tt/sl3YLtD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply