फतेहपुर जिले में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय मजदूर कमलेश पासवान की मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात औंग थाना क्षेत्र के दुर्गागंज गांव के पास हाईवे पर हुई, जब कमलेश सड़क पार कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल कमलेश को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रविवार देर शाम होने के कारण कमलेश का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जा रहा है। बेटे के निधन से माता रामश्री और पिता राम किशोर गहरे सदमे में हैं। मृतक के पिता राम किशोर पासवान ने बताया कि उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटों में कमलेश (40), सर्वेश (35) और करन (23) शामिल हैं। राम किशोर ने यह भी बताया कि उनके पास खेती की जमीन नहीं है और वे मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि कमलेश के भाई सर्वेश की पत्नी की लगभग एक साल पहले एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस मामले में ससुराल पक्ष ने सर्वेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते वह पिछले एक साल से जेल में बंद है। सर्वेश के तीन बच्चे सनुज (7), शालिनी (5) और शैलेश (4) – हैं, जिनकी देखभाल राम किशोर ही कर रहे हैं। राम किशोर ने यह भी जानकारी दी कि कमलेश की पत्नी नीतू देवी पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थीं। वह रविवार को कुछ देर के लिए बच्चों के साथ घर आई थीं, लेकिन थोड़ी देर रुकने के बाद वापस चली गईं। सोमवार को अंतिम संस्कार के लिए तैयारियां चल रही हैं, लेकिन नीतू देवी अभी तक नहीं पहुंची हैं। गांव के लोग मृतक के घर सांत्वना देने आ रहे हैं।
https://ift.tt/5c20ep6
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply