फतेहपुर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन देने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के कई किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किसान धान खरीद केंद्रों पर तौल बंद होने और आगामी वर्ष के लिए कम खरीद लक्ष्य का विरोध कर रहे थे। यह घटना उपमुख्यमंत्री के वीआईपी रोड स्थित एक होटल में मीडियाकर्मियों से वार्ता के कार्यक्रम के दौरान हुई। भाकियू अराजनीतिक दल के ब्लॉक अध्यक्ष असोथर सोनू सिंह गौतम, महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष रविदास गौतम, दीपू मिश्रा और रजत मिश्रा सहित अन्य किसान नेता उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन देने होटल के पास पहुंचे थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। किसानों ने उपमुख्यमंत्री को ही ज्ञापन सौंपने की बात कही। इसी दौरान एसडीएम ने किसानों से ज्ञापन उन्हें सौंपने को कहा, जिस पर किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख डीएसपी सिटी गौरव शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सभी किसानों को हिरासत में ले लिया और पुलिस जीप से कोतवाली ले गई। हिरासत में लिए गए ब्लॉक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम ने आरोप लगाया कि वे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन देने आए थे। उन्होंने बताया कि एसडीएम ने उन्हें ज्ञापन देने को कहा, लेकिन जब उन्होंने उपमुख्यमंत्री को ही ज्ञापन सौंपने पर जोर दिया, तो उन्हें रोक दिया गया। संगठन की मुख्य मांग है कि वर्ष 2024-25 में धान खरीद का लक्ष्य 17 कुंतल निर्धारित किया गया था, जबकि वर्ष 2025-26 के लिए यह लक्ष्य 1 लाख कुंतल रखा गया है। किसानों का कहना है कि धान तौल का समय 28 फरवरी तक था, लेकिन क्रय केंद्रों पर तौल पहले ही बंद कर दी गई है। इसके परिणामस्वरूप, सैकड़ों किसानों का धान मंडियों में पड़ा हुआ है और उनकी तौल नहीं हो पाई है। किसान इसी मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या बताना चाहते थे।
https://ift.tt/1y02PN4
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply