DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

फतेहपुर में पेड़ की डाल गिरने से किसान की मौत:हाईटेंशन लाइन के लिए कटाई के दौरान हुआ हादसा, परिजनों में शोक का माहौल

फतेहपुर जिले के धाता नगर पंचायत क्षेत्र में एक किसान की पेड़ की डाल गिरने से मौत हो गई। यह घटना पुरानी बाजार मोहल्ला, ठाकुर दरियाव सिंह दक्षिणी खात के निवासी 55 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय वीरभान सिंह के साथ रविवार शाम करीब 4 बजे हुई। महेंद्र सिंह पेशे से किसान थे। जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह अपने खेत स्थित नलकूप पर गए हुए थे। नलकूप के पास से चार खंभे वाली हाईटेंशन विद्युत लाइन बनाई जा रही है। बताया गया कि लाइन के नीचे आ रहे एक पेड़ को ठेकेदार द्वारा कटवाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक भारी डाल टूटकर सीधे महेंद्र सिंह के सिर पर जा गिरी। इससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गंभीर अवस्था में महेंद्र सिंह को मंझनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेंद्र सिंह की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एकमात्र पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ अवि सिंह को छोड़ गए हैं। अभिषेक सिंह बेंगलुरु में इंजीनियरिंग क्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, अभिषेक के बेंगलुरु से आने के बाद ही महेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की जानकारी नहीं दी गई है।


https://ift.tt/tcoXWUK

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *