फतेहपुर में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे और सर्द हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। शाम को तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और सुबह 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव जला रहे हैं। वहीं, घने कोहरे के कारण चार सुपरफास्ट ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। सुबह के समय लोग पूरी तरह से शरीर ढककर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। ठंड और कोहरे से बचाव के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड परिसर में रैन बसेरे बनाए गए हैं। कोहरे के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण ठंड का प्रकोप अभी और बढ़ेगा। 7 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाएं ठंड का असर बनाए रखेंगी। बढ़ती ठंड के बावजूद स्कूलों में छुट्टियां घोषित नहीं की गई हैं, जिससे छोटे बच्चों को सुबह स्कूल जाने में काफी परेशानी हो रही है। बीते तीन दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। मंगलवार रात 9 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक दृश्यता मात्र 10 मीटर रह गई थी।
https://ift.tt/JKObEQy
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply