मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र में देर रात प्रॉपर्टी विवाद को लेकर फायरिंग हुई। गोवर्धन चौराहे के पास कृष्णा नगर चौकी इलाके में हुई इस घटना में एक होटल वर्कर छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गोली लगने के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात होटल परिसर के पास एक प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद के दौरान हुई। विवाद बढ़ने पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान होटल में काम कर रहे छोटेलाल के घुटने में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। घायल छोटेलाल ने बताया कि वह अपने होटल में काम कर रहे थे, तभी अचानक उनके पैर में गोली लग गई। उन्होंने गोली चलाने वाले को नहीं देखा। गोली सीधे घुटने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी विपिन तोमर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रॉपर्टी विवाद से संबंधित लग रहा है। घायल छोटेलाल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
https://ift.tt/nzkAxrK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply