एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिससे दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से मनोज (20 वर्ष), हेमलता (35 वर्ष), किशोरी लाल (45 वर्ष) और जगदीश (42 वर्ष) घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से गौरव (18 वर्ष), विजय (17 वर्ष) और विनीता (50 वर्ष) घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। लड़की पक्ष के अजय ने जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि गांव के लड़के पक्ष के लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। उन्होंने बताया कि वे सभी घर पर खाना खा रहे थे, तभी उन्हें अकेला देखकर हमला किया गया। अजय ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी बहन की गुमशुदगी कोतवाली देहात में दर्ज कराई है और अनूप के घरवालों पर मारपीट का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष से घायल के परिजन मनोज ने बताया कि ये लोग उनके भाइयों की आए दिन घेराबंदी करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके ताऊ के लड़के पर लड़की भगाकर ले जाने का आरोप है, जिसके चलते इन लोगों ने मारपीट की, जिससे उनके पक्ष के लोग घायल हुए हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। थाना प्रभारी कोतवाली देहात विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और उनका मेडिकल परीक्षण करवाया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
https://ift.tt/BvbLhAt
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply