DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

प्रयागराज में निरहुआ रिक्शावाला जैसा रियल एक्शन VIDEO:कार-बाइक को टक्कर मारकर ई-रिक्शा लेकर सड़कों और गलियों में भागा चालक

संगम नगरी प्रयागराज में सर्किट हाउस क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग भोजपुरी फिल्म निरहुआ रिक्शावाला की याद कर रहे हैं, लेकिन फर्क सिर्फ इतना है कि यह कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि सड़क पर हुआ हकीकत का खतरनाक ड्रामा है। करीब 1 मिनट 22 सेकेंड के इस वीडियो में एक ई-रिक्शा चालक तेज रफ्तार में सड़क पर उत्पात मचाता नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब ई-रिक्शा चालक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से भागने लगा। इसके बाद रास्ते में उसने दो बाइक सवारों को भी टक्कर मारकर गिरा दिया। हादसे के बाद गुस्साए बाइक सवारों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन ई-रिक्शा चालक फिल्मी अंदाज में एक्सीलेरेटर दबाकर भाग निकला। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चालक तेज रफ्तार में मोड़ काटता है, अचानक ब्रेक लगाकर दिशा बदलता है और फिर संकरी गलियों में घुसकर पीछा कर रहे लोगों को चकमा देता है।
मुख्य सड़क से लेकर पतली गलियों तक ई-रिक्शा और बाइक सवारों के बीच खतरनाक ‘चेज सीन’ चलता रहा। कई बार ऐसा लगा कि चालक पकड़ लिया जाएगा, लेकिन हर बार वह चालाकी से रास्ता बदलकर फरार हो जाता है। इस दौरान सड़क पर चल रहे राहगीर और अन्य वाहन चालक भी दहशत में नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रयागराज में ई-रिक्शा चालकों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है। कम उम्र के लड़के भी बिना लाइसेंस और प्रशिक्षण के ई-रिक्शा चला रहे हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है, जिससे शहर की सड़कें असुरक्षित बनती जा रही हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ई-रिक्शा चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/8SCY5uT

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *