बदायूं में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ईंट-भट्ठे की लेबर के पैसों के विवाद में गांव के कुछ लोगों ने मामा-भांजे पर लाठी-डंडों और फरसे से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मामा वासुदेव ने इलाज के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया, जबकि भांजे सर्वेश का इलाज अभी जारी है। यह घटना हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्योति गांव की है। मृतक वासुदेव के भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, वासुदेव का भांजा सर्वेश ईंट भट्ठे पर लेबर ठेकेदारी का काम करता है। आरोप है कि गांव के राजेंद्र, राजीव कुमार, ओमपाल, विजय, अशोक और अमन सहित कुछ अन्य लोग सर्वेश को लंबे समय से धमका रहे थे। वे उससे लेबर के काम में अच्छी कमाई करने के कारण खाने-पीने के लिए पैसे देने की मांग कर रहे थे। इसी रंजिश के चलते 25 जनवरी की शाम वासुदेव और सर्वेश गांव में एक भंडारे से दावत खाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वासुदेव और सर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल वासुदेव की हालत जिला अस्पताल में सुधार न होने पर परिवारजन उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए थे। वहां इलाज के दौरान 2 फरवरी को उनकी मृत्यु हो गई। भांजे सर्वेश का इलाज अभी भी चल रहा है। सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
https://ift.tt/xWXmNsq
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply