DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पीलीभीत में भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब:6वें दिन गिरिराज पूजन, कृष्ण लीलाओं का वर्णन

पीलीभीत शहर के ओकेजन बैंकट हॉल में आयोजित सात दिवसीय ‘अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा’ के छठवें दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कथा व्यास श्री गौरवानंद जी महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। सैकड़ों भक्तों ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और गिरिराज पर्वत की महिमा का श्रवण किया। कथा के छठवें दिन महाराज जी ने कृष्ण जन्म के बाद ब्रज में छाई खुशियों और बधाइयों के प्रसंग से कथा का आरंभ किया। उन्होंने पूतना वध का वर्णन करते हुए बताया कि कैसे प्रभु ने एक राक्षसी को भी मां की गति प्रदान की। कथा का एक विशेष आकर्षण भगवान शंकर का गोकुल आगमन रहा। महाराज जी ने बताया कि भगवान विष्णु के कृष्ण अवतार की सूचना मिलने पर महादेव बाल स्वरूप के दर्शन के लिए व्याकुल हो उठे थे। गोकुल पहुंचकर उन्होंने अलख जगाया और अपनी जिद्द से नन्हे कान्हा के दर्शन प्राप्त किए। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। कथा व्यास ने गिरिराज गोवर्धन की पूजा का महत्व भी समझाया। उन्होंने बताया कि यह पर्व प्रकृति और भगवान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। जब इंद्र ने अहंकारवश ब्रज पर मूसलाधार वर्षा की, तब भगवान कृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को उठाकर ब्रजवासियों और पशु-पक्षियों की रक्षा की थी। इस घटना से इंद्र का घमंड चूर-चूर हो गया और प्रभु ने ब्रजवासियों को यह संदेश दिया कि जो उनकी शरण में है, उसका काल भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता। कथा के बीच-बीच में प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। भक्त अपनी सुध-बुध खोकर झूमने पर मजबूर हो गए। कथा के उपरांत मुख्य यजमान (परीक्षित) अजीत एवं ममता शुक्ला सहित सभी श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक परिक्रमा की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस आध्यात्मिक आयोजन में राकेश गुप्ता, सत्यवीर सिंह, ब्रज बिहारी लाल, राजीव वर्मा, सरोज, मृदुलता, रवि श्रीवास्तव, राजेन्द्र आचार्य, एच.एन. वर्मा, अवनीश, रजनीश, नीरज, कांतिस्वरूप पांडे, रोहित मिश्रा, हितेश, संजय त्रिपाठी, जगदीश दीक्षित सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


https://ift.tt/d0Oj48o

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *