अंबेडकरनगर में फार्मर रजिस्ट्री न कराने वाले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त से वंचित होना पड़ सकता है। यह जानकारी जिलाधिकारी के निर्देश पर उपनिदेशक कृषि अश्वनी कुमार सिंह ने दी है। उपनिदेशक कृषि अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। जो किसान यह रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री या किसान बही बनवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, किसान अपने ग्राम पंचायत सहायकों से संपर्क कर या स्वयं अपने मोबाइल से प्ले स्टोर के माध्यम से सेल्फ मोड ऐप डाउनलोड करके भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यह कार्य प्रत्येक किसान के लिए अनिवार्य है। ऐसा न करने की स्थिति में भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त स्वतः अवरुद्ध हो जाएगी। फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में खतौनी या आधार में नाम बेमेल (नेम मिसमैच) होने की समस्या के समाधान की व्यवस्था तहसील स्तर पर की गई है। जिन किसानों के दस्तावेजों में नाम बेमेल हो रहा है, वे अपने संबंधित तहसील में जाकर जल्द से जल्द संशोधन करा लें। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नेम मिसमैच के संशोधन का कार्य तत्काल प्रभाव से करें, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
https://ift.tt/Dsh7Rm2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply